कानपुर। चौबेपुर थाना क्षेत्र में सात दिन पहले हुई गोकशी की घटना में फरार चल रहे दो आरोपियों को मंगलवार को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर दोनों आरोपी ब्रेजा कार से भाग निकले। पीछा करने पर उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों के पैरों में लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।


पुलिस के अनुसार, बाबा कुआं चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विश्व प्रकाश पाण्डेय अपनी टीम के साथ शिवराजपुर तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान शिवली की ओर से आ रही एक काले रंग की ब्रेजा कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग निकला। पुलिस ने पीछा किया तो कार जादेपुर घस्सा गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई।
कार रुकते ही दोनों आरोपी बाहर निकल आए और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों के पैरों में गोली लगी। घायल आरोपियों की पहचान मुबीन अहमद निवासी दलेलपुरवा (थाना अनवरगंज) और शाहनवाज निवासी कुली बाजार (थाना बादशाही नाका) के रूप में हुई।
पूछताछ में दोनों ने 7 जुलाई की रात चौबेपुर के बाबा कुआं क्षेत्र में हुई गोकशी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस, एक चापड़, एक चाकू और घटना में प्रयुक्त काले रंग की ब्रेजा कार बरामद की है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गोकशी, पुलिस पर जानलेवा हमला और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Read More———–https://khabriparinda.com/lucknow-kanpur-expressway-inauguration-by/