कानपुर। बॉलीवुड में जहां आज के समय में मॉडर्न कहानियों और चकाचौंध का बोलबाला है, वहीं भारतीय संस्कृति, देसीपन और पारिवारिक जिम्मेदारियों के मर्म को सहजती हिंदी फीचर फिल्म ‘डियर हस्बैंड’ आगामी 2 अक्टूबर 2026 को मुंबई, उत्तर प्रदेश और बिहार के सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज होने जा रही है। रोमांच और मानसिक तनाव से भरे इस सर्वाइवल-थ्रिलर ड्रामा का निर्माण बेहद जुनून और मेहनत के साथ किया गया है, जो दर्शकों को पर्दे पर थ्रिल का अहसास कराने के साथ-साथ अपनों के प्रति कर्तव्य और समर्पण की एक गहरी सीख भी देगा।
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के मनकापुर और टिकरी जंगल के दुर्गम तथा प्राकृतिक लोकेशन्स पर शूट की गई यह फिल्म दर्शकों को एक अलग ही सिनेमाई सफर पर ले जाने का वादा करती है। निर्माता रोहित राजावत, निर्देशक धर्मेंद्र कुमार व प्रवीण और लेखक अजीत गोस्वामी के मार्गदर्शन में बनी इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी रॉ और रियलिस्टिक शूटिंग है, जो प्रकृति के बीच फिल्म की कहानी को एक वास्तविक और प्रभावकारी रूप प्रदान करती है।
आज कानपुर पहुंची फिल्म की टीम ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को बनाने का मुख्य उद्देश्य शोबिज़ की दिखावटी दुनिया से हटकर अपनी जड़ों, देसीपन और जमीनी हकीकत से जुड़ी एक ऐसी कहानी सामने लाना था, जिसे देखकर आम दर्शक सीधे तौर पर खुद को जोड़ सकें। फिल्म के माध्यम से ‘हनुमान अंश’ से जुड़ी सांस्कृतिक प्रेरणा की झलक भी मिलेगी, जो यह सिखाती है कि विपरीत परिस्थितियों में अपने परिवार व अपनों के प्रति एक इंसान की क्या जिम्मेदारी बनती है और उनका साथ कैसे निभाया जाता है।
फिल्म में ‘रमन’ नाम के एक साधारण नौयुवक का एंटागोनिस्ट (खलनायक) किरदार भी बेहद अहम मोड़ लेकर आता है। कलाकारों ने बताया कि पूरी टीम और निर्देशकों के साथ पुराने जुड़ाव व बेहतरीन बॉन्डिंग के कारण इस प्रोजेक्ट पर साथ काम करना बेहद सुखद रहा। फिल्म की पूरी स्टारकास्ट ने इस पारिवारिक और सांस्कृतिक जुड़ाव वाली कहानी को जीवंत करने में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
वहीं फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे प्रतिबद्ध थिएटर अभिनेता बिस्वजीत मैती के लिए यह प्रोजेक्ट उनके सिनेमाई सफर का एक बड़ा पड़ाव साबित होने जा रहा है। वर्ष 2004 से रंगमंच की दुनिया से जुड़े बिस्वजीत किंगडम ऑफ ड्रीम्स के बहुचर्चित म्यूजिकल शो जंगूरा द जिप्सी प्रिंस का हिस्सा रह चुके हैं, जिसे जावेद अख्तर ने लिखा था और शंकर-एहसान-लॉय ने संगीतबद्ध किया था। डेड एंड और दुरु एक्सप्रेस जैसी कृतियों में दिख चुके बिस्वजीत डियर हस्बैंड के जरिए शारीरिक चुनौतियों और गहन भावनात्मक तीव्रता से भरे किरदार में बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं।