कानपुर के बिल्हौर तहसील क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ग्रामीणों के लिए आफत बनती जा रही है। बुधवार को भीटी हवेली गांव में लगातार बारिश के चलते एक मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर में मौजूद रामशरण, उनके पुत्र दिलीप (35) और बहू शीटू कटियार (30) मलबे में दबकर घायल हो गए। ग्रामीणों ने तीनों को मलबे से बाहर निकालकर उपचार के लिए सीएचसी बिल्हौर में भर्ती कराया।
भीटी हवेली निवासी रामशरण पुत्र स्व. जबरूलाल का मकान पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण कमजोर हो गया था। बुधवार को अचानक मकान गिरने से घर में रखा घरेलू सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। मकान गिरते ही मौके पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीण सत्यम और रजत ने बताया कि परिवार खेतीबाड़ी पर निर्भर है। मकान गिरने से परिवार के सामने अब रहने की समस्या खड़ी हो गई है। इसके अलावा घरेलू सामान के नुकसान से भी परिवार को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तीनों घायलों का सीएचसी बिल्हौर में उपचार चल रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और रहने की व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।
उपजिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि लगातार बारिश के कारण मकान गिरने की सूचना मिली है। टीम को मौके पर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
लगातार बारिश के बीच ग्रामीण क्षेत्र में मकान गिरने की घटनाओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के जमीनी क्रियान्वयन पर भी सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जरूरतमंद परिवारों को समय से पक्के मकान की सुविधा मिल सके तो जर्जर और कमजोर मकानों में रहने वाले परिवारों को बारिश के दौरान जोखिम से बचाया जा सकता है
Read More………….https://khabriparinda.com/kanpur-police-encounter-gokashi-accused-fired-on/